सुराख में फंसी कंचे की गोली निकालने गया बालक, सांप के डंसने से मौत!

बेल्थरा रोड (बलिया)। उभांव क्षेत्र के बेल्थरा रोड नगर के वार्ड संख्या 13 जहीरगंज मोहल्ले में शनिवार देर शाम सर्पदंश की दर्दनाक घटना में 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे नगर और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, हिमांशु प्रजापति (13) पुत्र भृगुनाथ प्रजापति अपने घर में कंचे (कांच की गोलियां) खेल रहा था। खेल के दौरान कुछ गोलियां एक सुराख में चली गईं। हिमांशु जब सुराख में हाथ डालकर गोलियां निकालने का प्रयास कर रहा था, तभी उसमें छिपे सांप ने उसे डंस लिया।
सर्पदंश के बाद परिजन घबराकर बालक को तत्काल एक निजी चिकित्सालय ले गए। वहां हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर भेजा गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डा. बी.एस. सोनकर ने जांच के बाद बालक को मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सक के अनुसार, सर्पदंश के करीब ढाई से तीन घंटे बाद बालक को अस्पताल लाया गया था। यदि समय रहते अस्पताल पहुंचाया जाता तो एंटी-वेनम दवा देकर उसकी जान बचाई जा सकती थी।
बालक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे मोहल्ले और क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *