तुर्तीपार ग्राम पंचायत को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार, विकास कार्यों के लिए मिले 10 लाख रुपये

सीयर ब्लॉक की तुर्तीपार ग्राम पंचायत ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में स्थान प्राप्त किया है। बलिया जनपद की ग्राम पंचायतों में चयनित पांच पंचायतों में शामिल तुर्तीपार को पांचवां स्थान मिला है। इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

पुरस्कार के तहत ग्राम पंचायत को 10 लाख रुपये की अतिरिक्त विकास निधि प्रदान की गई है। इस राशि का उपयोग सड़क, नाली, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किया जाएगा। ग्रामीणों का मानना है कि इससे गांव के विकास को नई गति मिलेगी।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत उत्कृष्ट विकास कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों का चयन किया जाता है। प्रदेश की हजारों ग्राम पंचायतों में से चुनिंदा पंचायतों को ही इस सम्मान के लिए चुना गया है। तुर्तीपार ग्राम पंचायत का चयन क्षेत्र के लिए गौरव की बात माना जा रहा है।

सीयर ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ गांवों तक पहुंच रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई दे रहे हैं।

वहीं ग्राम प्रधान गीता देवी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि आगे भी गांव के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। ग्रामीणों ने भी पंचायत को मिले इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *