हल्दीरामपुर ग्राम पंचायत में वित्तीय अनियमितता का मामला, प्रधान व दो सचिवों पर मुकदमा दर्ज
बलिया। विकास खंड सीयर की ग्राम पंचायत हल्दीरामपुर में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्कालीन ग्राम प्रधान (वर्तमान प्रशासक) अनंत देव सिंह तथा तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव उपेन्द्र और मनोज कुमार के खिलाफ उभांव थाने में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ग्राम पंचायत में बिना कार्य कराए विभिन्न मदों में भुगतान किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सहायक निदेशक मत्स्य विभाग की अध्यक्षता में जांच समिति गठित कर जांच कराई। वहीं उप लोकायुक्त के समक्ष प्रस्तुत शिकायत के आधार पर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी द्वारा भी अलग से जांच की गई।
जांच में वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस कार्रवाई से पंचायत विभाग में हड़कंप मच गया है
