स्मार्ट मीटर पर डीएम सख्त, फिलहाल लगाने पर रोक — बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश गर्मी में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का आदेश, योजनाओं के प्रचार पर भी जोर!


बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं श्रम बंधु की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान स्मार्ट मीटर को लेकर मिल रही शिकायतों पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि जब तक सरकार की रोक जारी है, तब तक कहीं भी स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाए और उनका त्वरित समाधान किया जाए।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए मेसर्स अंकुर प्लास्टिक इंडस्ट्रीज के प्रोपराइटर अरुण सिंह ने बिजली की अनियमित आपूर्ति की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को स्वतंत्र फीडर के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
औद्योगिक क्षेत्र बनरही में जल निकासी की समस्या पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाने और लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। शहर में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने के भी निर्देश दिए गए।
महिला अस्पताल परिसर एवं चमन सिंह बाग रोड पर सुलभ शौचालय की आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए नई जगह चिन्हित कर शीघ्र निर्माण कराने के निर्देश दिए गए।
गर्मी के मौसम को देखते हुए विद्युत विभाग को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, कंट्रोल रूम स्थापित करने और अधिकारियों को फोन रिसीव करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा श्रमिकों के अनिवार्य पंजीकरण पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने ईंट भट्टों सहित सभी कार्यस्थलों पर पंजीकरण सुनिश्चित कराने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
