उभांव थाना क्षेत्र के कड़सर पंचायत भवन में देर रात चोरी, इन्वर्टर-बैट्री समेत कीमती सामान ले उड़े चोर, ग्रामीणों में दहशत

बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के सीयर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कड़सर में देर रात हुई चोरी की वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अज्ञात चोरों ने पंचायत भवन को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर अंदर घुसकर लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह जब ग्रामीण पंचायत भवन पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घटना की सूचना पूरे गांव में फैल गई। इस घटना से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की भावना बनी हुई है।
चोर पंचायत भवन से इन्वर्टर, बैट्री, सीपीयू व सीसीटीवी डीवीआर समेत अन्य जरूरी उपकरण चोरी कर फरार हो गए। मामले की जानकारी तत्काल पुलिस को दे दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि क्षेत्र में फिर से सुरक्षा का माहौल कायम हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *