फर्जी प्रमाणपत्र पर नौकरी करने वाला शिक्षक बर्खास्त, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

बिल्थरारोड। शिक्षा विभाग में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। सीयर क्षेत्र के कटया गांव निवासी एक शिक्षक को कूट रचित (फर्जी) प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी करते पाए जाने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने सख्त कार्रवाई करते हुए सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, खूंटा गांव निवासी अजीत यादव द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कटया निवासी शिवनाथ यादव फर्जी प्रमाणपत्रों के सहारे शिक्षक पद पर कार्यरत हैं। शिकायत के बाद विभाग द्वारा मामले की गहन जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए।
जांच में प्रमाणपत्र फर्जी साबित होने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने नियुक्ति को शून्य घोषित करते हुए तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्त कर दी। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य संदिग्ध मामलों की भी जांच की चर्चा तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि संबंधित शिक्षक वर्ष 1999 से ही फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी कर रहा था और बाद में उसे पदोन्नति भी मिली थी। लंबे समय तक विभाग को गुमराह कर नौकरी करने के इस मामले ने व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई और वसूली को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *