बिल्थरा रोड में महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर परिजनों पर हमला, दो घायल!

बिल्थरा रोड क्षेत्र के सोनाडीह गांव में एक महिला के साथ छेड़छाड़ और मोबाइल पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। घटना उस समय गंभीर रूप ले गई जब पीड़िता के परिजन आरोपियों से पूछताछ करने पहुंचे, जहां उनके साथ मारपीट की गई।
जानकारी के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाला सोनू पुत्र श्रीराम उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लगातार फोन पर अभद्र बातें करता था। इतना ही नहीं, रास्ते में भी उसके साथ छेड़छाड़ की घटनाएं हुईं। गुरुवार को भी आरोपी द्वारा फोन कर गाली-गलौज किए जाने का आरोप है।
इससे आक्रोशित होकर जब पीड़िता के पति और ससुर आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़िता ने बताया कि इस घटना में सोनू के अलावा दीपु, शिवम और भोलू भी शामिल थे। पीड़िता ने पुलिस में तहरीर देकर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस मामले में उभांव थानाध्यक्ष संजय शुक्ला ने बताया कि प्रकरण की जानकारी लेकर संबंधित चौकी प्रभारी से वार्ता की गई है और मामले में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *