बिल्थरारोड में दिल दहला देने वाली वारदात: 45 वर्षीय व्यक्ति की गला रेतकर हत्या!

बिल्थरारोड। भीमपुरा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी 45 वर्षीय बंधु यादव की शुक्रवार देर शाम अज्ञात हमलावरों द्वारा गला रेतकर हत्या कर दी गई। गांव से कुछ दूरी पर सड़क किनारे उनका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के पुत्र गोलू यादव के अनुसार उनके पिता बंधु यादव बेल्थरारोड में यूनियन बैंक के पास स्थित एक मोबील एजेंसी पर काम करते थे और रोज की तरह शुक्रवार की शाम बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे तक घर न पहुंचने पर परिजन चिंतित हो उठे। इसके बाद गोलू यादव अपने चाचा मुन्ना यादव के साथ उनकी तलाश में निकले, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
वापसी के दौरान गांव से कुछ दूरी पहले सड़क किनारे एक व्यक्ति बाइक समेत गिरा दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह उनके पिता बंधु यादव हैं, जिनकी गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। तुरंत इसकी सूचना भीमपुरा पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही भीमपुरा थानाध्यक्ष अखिलेश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच में जुट गई है।
मृतक के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।
