डीआरएम का औचक निरीक्षण: बिल्थरा रोड रेलवे स्टेशन को फरवरी तक मिलेगा आधुनिक रूप

बिल्थरा रोड (बलिया)।
वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने गुरुवार को बिल्थरा रोड रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था, पेयजल स्रोतों तथा निर्माणाधीन विकास कार्यों की गहन समीक्षा की।
डीआरएम ने स्टेशन परिसर की नालियों पर जाली लगाने का निर्देश देते हुए कहा कि इससे गंदगी और जलजमाव की समस्या से निजात मिलेगी तथा यात्रियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
डीआरएम ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बिल्थरा रोड रेलवे स्टेशन पर चल रहे सभी विकास कार्य फरवरी माह तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह आधुनिक एवं यात्री-अनुकूल हो जाएगा।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय रेल उपभोक्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता देवेंद्र गुप्ता (पूर्व सदस्य डीआरयूसीसी) ने डीआरएम के समक्ष स्टेशन विकास से जुड़ी कई मांगें रखीं। इनमें बिल्थरा रोड स्टेशन पर सभी मेल एवं सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव, स्टेशन परिसर में बहुउद्देश्यीय सुपर मॉल, मुख्य प्रवेश द्वार के पास सुलभ शौचालय, डीपी इंटर कॉलेज के छात्रों के लिए अंडरपास, वरिष्ठ नागरिकों एवं महिलाओं के लिए विशेष सहायता काउंटर की मांग शामिल रही।
इसके साथ ही मधुबन व कुंडेल ढालों पर ओवरब्रिज, क्रॉसिंग नंबर 18 पर अंडरपास, मॉडल व्यावसायिक मॉल गोदाम के निर्माण में तेजी, प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट एवं स्वचालित सीढ़ियों की सुविधा, मेडिकल स्टोर व फर्स्ट एड सुविधा, सीसीटीवी कैमरों के जीर्णोद्धार सहित अन्य यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग की गई। वहीं क्रॉसिंग नंबर 17 एवं 19 के मार्गों के जीर्णोद्धार की मांग भी रखी गई।
डीआरएम ने निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन टिकट घर, शौचालय, नालियां, रिले रूम, पानी की टंकी तथा लिफ्ट युक्त फुट ओवरब्रिज सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीनियर डीओएम बलेंद्र पाल, सीनियर डीएसटी रजत प्रिय, जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार, स्टेशन अधीक्षक राजू कुमार भारती, डीसीआई अखिलेश सिंह, आईओडब्ल्यू दिलीप सिंह, टीआई मनोज कुमार, वाणिज्यिक अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार, सीओआई ज्ञानचंद पटेल तथा एसएसई पी/वे आर.पी. सिंह सहित कई अन्य रेल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *