बिल्थरा रोड को मिलेगा स्थायी हेलीपैड, बलिया में हवाई कनेक्टिविटी की बड़ी तैयारी !

बलिया जनपद में वीआईपी मूवमेंट, प्रशासनिक कार्यों और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। जिले के सभी तहसील व ब्लॉक मुख्यालयों पर स्थायी हेलीपैड निर्माण योजना पर तेजी से काम शुरू हो गया है।
इस क्रम में बेल्थरा रोड तहसील क्षेत्र के मझौलिया में स्थायी हेलीपैड के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र को विशेष प्रशासनिक और आपात सुविधाओं का लाभ मिलेगा। बेल्थरा रोड को इस योजना में शामिल किया जाना स्थानीय विकास की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन स्थानों पर तहसील और ब्लॉक एक ही परिसर में हैं, वहां एक ही हेलीपैड बनाया जाएगा।
तहसीलों में सदर तहसील के हरपुर, बांसडीह के जितौरा, रसड़ा के परसिया, बैरिया के कोटवा और बेल्थरा रोड के मझौलिया में जमीन चिन्हित की गई है।
वहीं विकास खंड स्तर पर बेलहरी के दुधैला, दुबहड़ के शेर, हनुमानगंज के करनई, गड़वार के गोविंदपुर, सोहांव के शिवपुर खास, रेवती के उदहां, चिलकहर के बलेसरा, मुरलीछपरा के इब्राहिमाबाद उपरवार, नवानगर के चेतन किशोर और पंदह के धनेजा में हेलीपैड निर्माण प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *