उभांव थाना क्षेत्र में अवैध कब्जा जारी! एसडीएम के आदेश के बाद भी पुलिस की बेरुख़ी, पीड़िता पाँच बार 112 बुलाने को मजबूर


बलिया। बिल्थरारोड—उभांव थाना क्षेत्र के ग्रामसभा मलेरा के बारा मौजा निवासी निर्मला श्रीवास्तव अपनी रजिस्ट्री कराई गई जमीन के लिए न्याय की गुहार लगाते-लगाते थक चुकी हैं, लेकिन अवैध कब्जा रुकने का नाम नहीं ले रहा है।

पीड़िता के अनुसार, विपक्षी हरेन्द्र राजभर द्वारा जमीन पर पहले आपत्ति दर्ज कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद वह जबरदस्ती कब्जा करने पर उतारू है। निर्मला श्रीवास्तव की शिकायत पर एसडीएम ने जमीन पर रोक लगाने का आदेश भी दिया था, किन्तु उभांव इंस्पेक्टर द्वारा आदेश की अनदेखी की जा रही है।

शुक्रवार को विपक्षी द्वारा दोबारा जमीन पर ईंट जोड़कर कब्जा शुरू किया गया। पीड़िता ने तत्काल उभांव इंस्पेक्टर को फोन कर जानकारी दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर पीड़िता ने लगभग पाँच बार 112 नंबर पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस के हस्तक्षेप से अस्थायी रूप से काम रुकवाया गया, लेकिन पुलिस के जाते ही विपक्षी फिर से ईंट जोड़ने लगा।

लगातार पाँच बार 112 पुलिस बुलाने के बाद भी अवैध कब्जा नहीं रुका है। स्थानीय पुलिस द्वारा एसडीएम के आदेशों की अनदेखी से पीड़िता न्याय के लिए दर-दर भटक रही है। क्षेत्रीय लोगों में भी पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं और यह मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *