पूर्व सांसद ने सीएम से की शिकायत, बलिया प्रशासन में मचा हड़कंप 10 साल से लंबित खारिज दाखिल का मामला आया सुर्खियों में !





बलिया। घोसी के पूर्व सांसद एवं पूर्व कारागार मंत्री हरिनारायण राजभर ने रविवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर मुलाकात कर बलिया जनपद के बेल्थरारोड तहसील से जुड़े एक गंभीर मामले की शिकायत की। इस शिकायत के बाद जिले के अफसरों में खलबली मच गई।

मामला सोनाडीह गांव में पूर्व सांसद द्वारा कराए गए भूमि बैनामा से जुड़ा है, जिसका खारिज दाखिल बीते 10 वर्षों से लंबित है। बताया जा रहा है कि हरिनारायण राजभर ने अपनी पत्नी मेवाती, पुत्र देवनन्दन, अटल कुमार और रजनीश के नाम से भूमि का बैनामा कराया था, लेकिन तहसील प्रशासन की लापरवाही के चलते आज तक इसका निस्तारण नहीं हो सका।

पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री को इस संदर्भ में लिखित ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण की मांग की। जैसे ही मामला लखनऊ से बलिया पहुंचा, डीएम के निर्देश पर बेल्थरारोड के एसडीएम देवेन्द्र पांडे तात्कालिक प्रभाव से पूरे मामले की प्रगति रिपोर्ट लेकर जिला मुख्यालय के लिए रवाना हो गए।

गौरतलब है कि खारिज दाखिल जैसे कार्य को सरकार न्यूनतम समय में करने पर जोर देती है। वहीं धारा 34 के अंतर्गत लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण राज्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इसके बावजूद यह मामला तहसीलदार न्यायालय में करीब एक दशक से लटका हुआ है।

लखनऊ से आए निर्देश के बाद अब देखना होगा कि बलिया प्रशासन इस पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *