बलिया में खूनी वारदात: बांस के डंडों से हमला कर 35 वर्षीय युवक की हत्या, इलाके में दहशत
बेल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। मालीपुर के पास 4 से 6 की संख्या में आए अज्ञात हमलावरों ने 35 वर्षीय युवक उमेश चौरसिया पुत्र प्रभुनाथ चौरसिया, निवासी करनी गांव पर बांस के डंडों से हमला कर दिया। हमले में उमेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि उमेश चौरसिया मालीपुर से पूजा का सामान लेकर मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उनकी बाइक को रोककर हमला कर दिया। मोटरसाइकिल पर उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, जिसे भी चोटें आई हैं।
हमले के बाद गंभीर रूप से घायल उमेश को परिजन आनन-फानन में सीयर सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आर.बी. चौहान के मुताबिक, उमेश को अस्पताल लाए जाने के समय ही मृत अवस्था में पाया गया। सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के साथ कान के पर्दे को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही उभांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वारदात को लेकर क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है।
पुलिस ने परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। अज्ञात हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जांच में जुटी है। वारदात के पीछे क्या वजह थी, इसे लेकर भी पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
घटना के बाद से करनी और आसपास के क्षेत्र में लोगों में आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

