आर.बी. चिल्ड्रेंस वैली स्कूल में बाल मेले की धूम, बच्चों ने खेलों और रोबोटिक्स का उठाया लुत्फ

बिल्थरारोड बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को आर.बी. चिल्ड्रेंस वैली स्कूल में रंगारंग बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। विद्यालय परिसर में सुबह से ही बच्चों की चहल-पहल और खुशियों का माहौल देखने को मिला।

मेले में खान-पान, कॉस्मेटिक सामग्री, मनोरंजक खेल, शूटिंग गेम, रोबोटिक्स प्रोजेक्ट, पुरस्कार स्टॉल और ‘प्ले एंड विन’ जैसी आकर्षक गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों ने अपने अभिभावकों के साथ विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर खूब आनंद उठाया। खासकर रोबोटिक्स प्रोजेक्ट और मनोरंजक खेल बच्चों के बीच विशेष आकर्षण बने रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक कृष्ण मोहन सिंह ने मां सरस्वती एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित करके किया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी के सामूहिक प्रयास और सहयोग से बाल मेला यादगार बन गया।

विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार जताया। इस आयोजन ने बच्चों को पढ़ाई के साथ मनोरंजन, रचनात्मकता और अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *