सीयर – पशुहारी मार्ग पर दिनदहाड़े मोबाइल छिनैती

बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र में पुलिस की सुस्ती के चलते छिनैती और बाइक चोरी की घटनाएं थमने का नाम नही ले रही है। शुक्रवार को कृषि मंडी के पीछे पशुहारी मार्ग पर निर्माणाधीन मैरिज हाल के ठीक सामने से गुजर रहे एक साइकिल सवार से एक बाइक सवार द्वारा मोबाइल झपट कर भाग जाने की घटना से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं । लगभग तीन- चार माह में एक दर्जन छिनैती और बाइक चोरी की घटनाएं घटित हो चुकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिसयण्ड कला गांव निवासी नितिन कुमार पुत्र विजई अपने घर से शुक्रवार की सुबह लगभग 10 बजे बिल्थरारोड साइकिल से आ रहा था, जेब से उसकी मोबाइल गिरने वाली ही थी तो उसने उसे हाथ में ले लिया पीछे से एक बाइक सवार आया और उसने झपट्टा मार कर मोबाइल लेकर रफूचक्कर हो गया। हालांकि नितिन ने उसका पीछा भी किया परंतु साइकिल फिसल कर गिर जाने और चोटिल हो जाने से वह उसमें कामयाब नहीं हो सका। कुछ दिन पहले ही रेलवे स्टेशन चौराहे से दो बाइक चोरी हो गयी, पशुहारी निवासी बृजेश यादव पुत्र स्वर्गीय हरिहर यादव के साथ भी इसी तरह की घटना घट चुकी है । इस तरह की आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने में पुलिस फिलहाल नाकाम ही रही है। मोबाइल छिनैती होने से परेशान पीड़ित युवक से थाना पर तहरीर देने की बात कही गयी तो उसका कहना था कि तहरीर देने से क्या फायदा है पुलिस पता ही नही लगा पा रही है।
