बलिया : वसूली के चक्कर में 3 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज !

बलिया में अवैध वसूली की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने कई पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की है। जहां बैरिया थाने के दो और दोकटी थाने के एक सिपाही पर गाज गिरी है। सभी को लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस अधीक्षक की सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमें में हड़कंप मचा हुआ है।
दरअसल चुनाव के बाद शराब और बालू की तस्करी तेज हो गई है। ऐसे में कुछ पुलिसकर्मी मौका का फायदा उठा रहे थे। सूत्रों के मुताबिक कुछ लोगों ने आला अधिकारियों को ट्वीट कर बैरिया और दोकटी थाने पर तैनात पुलिस के कुछ जवानों पर अवैध वसूली करने का अरोप लगाया था। जिसकी छानबीन में पुष्टी होने के बाद कार्रवाई की गई।
एसपी राजकरन नय्यर ने बैरिया थाने पर तैनात सिपाही चंद्रशेखर आजाद और प्रवीण कुमार के साथ ही दोकटी थाने पर तैनात लवकेश पाठक को लाइन हाजिर कर दिया। जानकारों की मानें तो दोनों थाने बिहार की सीमा से सटे हुए हैं। होली के त्योहार पर सक्रिय तस्कर रोजाना शराब की खेप बिहार लेकर जा रहे हैं। इसमें पुलिस के कुछ जवानों की भूमिका संदिग्ध है।
अभिषेक पाठक
