उभांव थाना क्षेत्र के आवाया भैरो मन्दिर के समीप नहर में संदिग्ध अवस्था मे 48 वर्षीय अधेड़ का शव

बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के आवाया भैरों मन्दिर के समीप नहर में शनिवार की देर शाम एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। मृतक की पहचान भीटा भुवारी निवासी वृजभार (48) वर्ष के रूप में हुई है, जो बेल्थरारोड के मातादीन गली के सामने मोची का काम करते थे। परिजनों ने शव को देखकर घटना को हत्या मानते हुए पुलिस को सूचना दी।घटनास्थल पर पहुंचे परिजन शनिवार की शाम, वृजभार का छोटा पुत्र जितेंद्र अपने पिता के पास गया। उसने देखा कि एक 18 वर्षीय युवक भी उनके साथ बैठा था। जब जितेंद्र ने अपने पिता को बाइक पर बैठाकर घर चलने का प्रयास किया, तो उक्त युवक भी उनके साथ बाइक पर बैठ गया।जितेंद्र ने अपने पिता और उस युवक को अवायां गांव स्थित भैरो मंदिर तक छोड़ा। आधे घंटे बाद, घर से खबर मिलने पर कि उसके पिता घर नहीं पहुंचे हैं, वह उन्हें खोजते हुए भैरो मंदिर पहुंचा। वहां उसने देखा कि उसके पिता सिर के बल नहर में गिरे पड़े हैं।जब जितेंद्र ने अपने पिता को देखा, तो पाया कि उनके बेल्ट टूटे हुए थे और कपडे भी फटे हुए थे। उनका गमछा दूसरी ओर गिरा हुआ था। इस स्थिति में देखते ही जितेंद्र ने अपने परिजनों की सहायता से पिता को सीएचसी सीयर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही उभांव पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अपने कब्जे में ले लिया।मृतक के परिजन घटना को हत्या मानते हुए इसे कुछ लोगों के साथ चल रहे मुकदमों से जोड़कर देख रहे हैं। मृतक के तीन पुत्र हैं, जिनमें से सबसे छोटे पुत्र जितेंद्र पर गांव के कुछ लोगों ने जहर देकर मारने का प्रयास किया था, जिसके खिलाफ उभांव थाने में मुकदमा पंजीकृत है। इसके अलावा, मृतक का भूमि विवाद में भी कुछ लोगों के साथ मुकदमा चल रहा था, जिसकी तारीख सोमवार को है।ग्रामीणों का कहना है कि मृतक व्याज पर पैसे देने का कार्य भी करता था, जिससे उसकी मौत को जोड़कर देखा जा रहा है। इस संबंध में जब रविवार को उभांव के इंस्पेक्टर विपिन सिंह से बातचीत की गई, तो उनका कहना है कि शव पीएम के लिए भेजा जा रहा है और रिपोर्ट के बाद सही कारणों का पता लगाया जाएगा।
