आधी रोटी खाएंगे स्कूल जरूर जाएंगे, ब्लाक स्तरीय स्कूल चलो अभियान का कार्यक्रम संपन्न

बिल्थरारोड मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय स्कूल चलो रैली निकाली गई। मुख्य अतिथि सीयर ब्लॉक प्रमुख ने तहसीलदार व एबीएसए संग हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। कहा कि शिक्षा ही एक ऐसा धन है जिसको न कोई छीन सकता है न चुरा सकता है। देश व परिवार के विकास के लिए शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बिल्थरारोड रोड के बीआरसी कार्यालय से सर्व शिक्षा अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सीयर ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह ने बच्चों को किताब बांटा। कहा कि शिक्षा पर सबका समान रूप से अधिकार है। ऐसे में अभिभावकों के साथ ही शिक्षकों का कर्तव्य है कि कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। विशिष्ट अतिथि तहसीलदार अंकुर यादव ने कहा कि शिक्षा कहीं से अछूती न रहे। इसी के साथ साथ उन्होंने इस अभियान की सफलता के लिए लोगों को शुभकामनाएं दी।
एबीएसए राकेश कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों का शत प्रतिशत नामांकन लक्ष्य को पूरा करने और प्रतिदिन स्कूल भेजने के उद्देश्य से यह रैली निकाली गई है। जो बीआरसी से निकलकर रेलवे चौराहा होते हुए नगर का चक्रमण कर शिक्षा का अलख जगाने का कार्य करेगी। कहा कि शिक्षा से ही बच्चों का भविष्य संवरेगा। रैली में शामिल बच्चों ने अपने हाथों में तख्तियां ले रखीं थीं। इस दौरान उन्होंने नारे भी लगाए। बच्चों ने आधी रोटी खायेंगे, पढ़ने जरूर जायेंगे। हिंदू मुस्लिम सिख ईसाई, सब मिल करके करो पढ़ाई। शिक्षा जीवन का आधार, इसके बिना सब बेकार जैसे नारों से अभिभावकों को जागरूक किया। इस दौरान संचारी रोग के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *