नगरा में विसर्जन के दौरान हादसा : डीजे की चपेट में आए थानाध्यक्ष, लखनऊ रेफर

नगरा, बलिया। लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान गुरुवार रात थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी डीजे लदी पिकअप की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दाहिने कंधे की हड्डी टूटने पर उन्हें नगरा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बलिया और वहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया।
घटना कुंजड़ा मोहल्ले में प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुई। ब्रेकर पार करते समय डीजे लदा पिकअप वाहन अचानक बंद हो गया। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे थानाध्यक्ष मौके पर ही मौजूद थे। लोगों ने वाहन को धक्का देकर चालू कराया, इसी दौरान वाहन अचानक आगे बढ़ा और फिर पीछे आने के दौरान थानाध्यक्ष उससे टकरा गए।
हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग सक्रिय हुए और थानाध्यक्ष को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना से जुलूस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो डीजे सेट को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। बताया जा रहा है कि विसर्जन के दौरान राज्य सरकार और न्यायालय के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते हुए बड़े आकार के डीजे का प्रयोग किया जा रहा था।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
