रंगबिरंगी रंगोली ने मन मोहा !
बिल्थरारोड। सेंट जेवियर्स स्कूल पिपरौली के प्रांगण में धनतेरस व दीपावली के अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें बच्चों ने एक से बढ़कर एक कलाकृतियों की प्रस्तुति कर वाहवाही लूटी। शुभारंभ एसडीएम निशांत उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर किया। एसडीएम ने बच्चों द्वारा बनाई गई रंग-बिरंगी रंगोली देख उन्हें प्रोत्साहित किया। प्रवेश द्वार पर धनुषाकार रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने कलश सजाकर मन मोहा। झूमर की रंगोली प्रशंसनीय रही। एसडीएम ने बच्चों का उत्साह वर्धन करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। डायरेक्टर डॉ जेआर मिश्र ने बच्चों को शुभकामनाएं दी। नर्सरी से 12वीं तक के बच्चों ने अलग-अलग समूह में आकर्षक रंगोली सजाई। प्रिंसिपल शीला मिश्रा ने आभार व्यक्त किया। उधर, सेंट्रल पब्लिक एकेडमी में दीप उत्सव समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बच्चों ने दीप पर्व को लेकर आकर्षक रंगोली सजाई। बच्चों की रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। मौके पर प्रिंसिपल पूनम प्रसाद, अमर सिंह, रुमिता शर्मा समेत छात्र, शिक्षक व अभिभावक मौजूद रहे।


