बलिया एसपी ऑफिस में हंगामा करने वाले 104 लोगों पर मुकदमा, 44 गिरफ्तार ; BMW गाड़ी सीज

बलिया पुलिस ऑफिस प्रांगण और उसके बाहर सड़क पर हंगामा करने के मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने 104 लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इनमें 44 नामजद को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार भी कर लिया है, जबकि 60 अज्ञात की पड़ताल चल रही है।
एसपी विक्रांत वीर ने बताया कि, सोमवार को 100 से अधिक की संख्या में पहुंचे लोगों ने पुलिस ऑफिस प्रांगण और उसके बाहर हंगामा कर न सिर्फ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाया, बल्कि पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली गलौज की किया। मामले में थाना कोतवाली पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर 44 नामजद को मौके से गिरफ्तार किया गया है। 60 अज्ञात हैं।
एसपी ने बताया कि जांच में पता चला है कि यह लोग सुनियोजित ढंग से जनपद वाराणसी से गाजीपुर होते हुए बलिया आए और सुनियोजित ढंग से हंगामा किया। इसमें प्रमुख रूप से आदित्य राजभर और रवि राजभर व अन्य लोग हैं, जिन्होंने गाड़ियां व बाउंसर तथा प्राइवेट गनर हायर किये हैं। प्रकरण की गहराई से जांच की जा रही है। विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
