सेंट जेवियर्स स्कूल में सजा यादों का कारवां, वर्षों बाद गुरुजनों से मिलकर भावुक हुए पुरातन छात्र
बिल्थरारोड, बलिया। वर्षों पुरानी यादें, गुरुजनों का स्नेह और सहपाठियों से मुलाकात… कुछ ऐसा ही भावुक और यादगार नजारा बुधवार को सेंट जेवियर्स स्कूल, पिपरौली बड़ागांव में देखने को मिला। मौका था विद्यालय में आयोजित भव्य दिवा छात्र मिलन समारोह का, जहां वर्ष 1993 से 2015 तक शिक्षा ग्रहण करने वाले पुरातन छात्र बड़ी संख्या में एकत्रित हुए।



कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. जे.आर. मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। लंबे अरसे बाद अपने पुराने विद्यालय पहुंचे पूर्व विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और आंखों में बीते दिनों की यादें साफ झलक रही थीं। किसी ने अपने सहपाठियों के साथ पुराने किस्से साझा किए तो किसी ने गुरुजनों का आशीर्वाद लेकर विद्यार्थी जीवन की सुनहरी यादों को फिर से ताजा किया।
विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर आज चिकित्सा, इंजीनियरिंग सहित विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे रहे पूर्व विद्यार्थियों की मौजूदगी ने समारोह को खास बना दिया। विद्यालय परिवार की ओर से सभी पुरातन छात्रों को सम्मानित किया गया। वहीं वर्तमान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर डायरेक्टर डॉ. जे.आर. मिश्रा ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान के लिए इससे बड़ा गौरव क्या होगा कि उसके विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करने के बाद विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में कितनी भी ऊंचाइयां हासिल कर लें, लेकिन अपनी जड़ों, विद्यालय और गुरुजनों को कभी नहीं भूलना चाहिए। पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियां वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
प्रधानाचार्या शीला मिश्रा ने कहा कि पुरातन छात्रों का वर्षों बाद विद्यालय में एकत्रित होना बेहद सुखद और गौरवपूर्ण पल है। विद्यार्थियों की सफलता ही किसी विद्यालय की असली पहचान होती है। उन्होंने पूर्व छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए वर्तमान विद्यार्थियों से भी उनके जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की।
समारोह में विद्यालय के प्रबंधक के.के. मिश्र, सेंट जेवियर्स किड्स स्कूल की प्रधानाचार्या जयश्री मिश्रा, उप प्रधानाचार्या तनवीर फातमा, शिक्षक अरविंद कुमार, कमलेश यादव, हेमंत भारद्वाज, संदीप तिवारी, प्रमोद पाण्डेय, जया गुप्ता सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह आयोजन केवल एक मिलन समारोह नहीं, बल्कि गुरु-शिष्य के अटूट रिश्ते और विद्यालय से जुड़ी सुनहरी यादों का खूबसूरत संगम बन गया।
