बलिया : बेटे के शव को कलेजे से लगाकर चूमने लगा पिता, रो पड़ा हर दिल

नीलेश दीपू


बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत हुकुम छपरा घाट पर बुधवार को मुंडन संस्कार के दौरान स्नान करते वक्त गंगा में डूबे युवक का शव गुरुवार का उतराया मिला। शव को नदी से बाहर निकाला गया, जिसे देखते ही पिता दहाड़े मार-मार कर रोने लगे। बेटे के शव को कलेजे से लगाकर पिता, उससे कभी कुछ बोलने को कह रहे थे तो कभी अपने नसीब को कोसने लग जा रहे थे। वहां मौजूद लोग उन्हें सम्भालने की कोशिश तो कर रहे थे, पर युवक का शव देख वे भी सिसकने लग जा रहे थे। 

बता दें कि बिगही गांव निवासी पिन्टू यादव (19) पुत्र धनजी यादव बुधवार को अपने पड़ोसी के घर से आये मुंडन संस्कार में शामिल होने गंगापुर हुकुमछपरा गंगा घाट पर आया था। गंगा नदी में स्नान करते समय पैर फिसलने के कारण वह डूब गया। काफी तलाश के बाद भी सफलता नहीं मिल सकी थी। गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे हुकुम छपरा घाट पर शव उतराया मिला। परिजनों के साथ आए पिन्टू के भाई ने शव की शिनाख्त किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। इस मौके पर प्रधान गंगापुर उमेश यादव, प्रधान मनोज यादव आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *