बेल्थरारोड के लिए गौरव का क्षण विनोद विश्वकर्मा बने भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी


रिपोर्टर — गौरव सर्राफ
25 वर्षों के संगठनात्मक सफर के बाद मिली बड़ी जिम्मेदारी, बेल्थरारोड में कार्यकर्ताओं में खुशी
बेल्थरारोड। भारतीय जनता पार्टी ने बेल्थरारोड निवासी एवं लंबे समय से संगठन में सक्रिय विनोद विश्वकर्मा को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा में प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति के बाद बेल्थरारोड सहित बलिया जनपद के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
विनोद विश्वकर्मा का संगठनात्मक सफर करीब 25 वर्षों का रहा है। छात्र राजनीति से अपने सफर की शुरुआत करने वाले विश्वकर्मा ने संगठन के विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियां निभाई हैं।
1999 से शुरू हुआ संगठनात्मक सफर
विनोद विश्वकर्मा ने वर्ष 1999 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तहसील संयोजक, बिल्थरारोड के रूप में अपने राजनीतिक एवं संगठनात्मक सफर की शुरुआत की। इसके बाद वर्ष 2008 में भाजपा युवा मोर्चा बलिया के जिला मंत्री, 2011 में जिला उपाध्यक्ष, 2014 में गोरखपुर क्षेत्र के आईटी सेल के क्षेत्रीय संयोजक, 2015 में जनपद मऊ के सह-जिला प्रभारी तथा 2021 में अवध क्षेत्र की क्षेत्रीय कार्य समिति के सदस्य की जिम्मेदारी संभाली।
चुनाव प्रबंधन में भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
प्रदेश भाजपा मुख्यालय, लखनऊ में भी विश्वकर्मा विभिन्न चुनावों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय रहे। वर्ष 2016 की बलिया-लखनऊ परिवर्तन रथ यात्रा, 2017 नगर निकाय चुनाव, 2019 लोकसभा चुनाव, 2022 विधानसभा चुनाव, 2023 नगर निकाय चुनाव और 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने अलग-अलग विभागों में जिम्मेदारियां निभाईं।
इसके अलावा सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रियता रही है। विश्वकर्मा समाज, व्यापार मंडल तथा अन्य सामाजिक संगठनों से जुड़कर उन्होंने विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है।
मीडिया के जरिए योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी
नई जिम्मेदारी के तहत अब विनोद विश्वकर्मा भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की गतिविधियों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने की भूमिका निभाएंगे।
जन जागरण संदेश से बातचीत में विनोद विश्वकर्मा ने कहा,
“यह मेरे लिए केवल पद नहीं, बल्कि 25 वर्षों की तपस्या का सम्मान है। मैं शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष और पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने एक छोटे से कस्बे के कार्यकर्ता पर भरोसा जताया।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी के रूप में उनकी कोशिश रहेगी कि पिछड़ा वर्ग के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और संगठन की गतिविधियों को मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से जनता के सामने रखा जाए।
बेल्थरारोड में बधाइयों का दौर
विनोद विश्वकर्मा को मिली नई जिम्मेदारी के बाद बेल्थरारोड में कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। सोशल मीडिया से लेकर व्यक्तिगत मुलाकातों तक उन्हें बधाई देने का सिलसिला जारी है। कार्यकर्ताओं ने इसे बेल्थरारोड के लिए गौरव का क्षण बताते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *