मछुआरों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, भागलपुर पुल से नदी में कूदी युवती को बचाया
बिल्थरा रोड और देवरिया को जोड़ने वाले सरयू नदी स्थित भागलपुर पुल पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक युवती अचानक पुल की रेलिंग पार कर नदी में कूद गई, लेकिन मौके पर मौजूद मछुआरों की सूझबूझ और बहादुरी से उसकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती ने अचानक यह कदम उठाया। नदी में जाल डाल रहे मछुआरों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तत्काल नाव लेकर उसकी ओर रुख किया। कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और युवती के परिजनों से संपर्क किया। कुछ ही देर में उसका भाई मौके पर पहुंचा और उसे अपने साथ घर ले गया। युवती बलिया जनपद की निवासी बताई जा रही है।
गौरतलब है कि भागलपुर पुल पर पूर्व में भी आत्महत्या के प्रयास की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण यह स्थान ऐसे प्रयासों का केंद्र बनता जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा जाल, ऊंची रेलिंग और निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मछुआरों की तत्परता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सतर्कता और साहस से बड़ी से बड़ी अनहोनी टाली जा सकती है।

