बलिया: शिक्षक हत्याकांड का मुख्य आरोपी विकास सोनकर हाफ एनकाउंटर में गिरफ्तार, एसओजी व उभांव-भीमपुरा पुलिस को बड़ी सफलता
बिल्थरारोड। एसओजी टीम, उभांव और भीमपुरा पुलिस ने बीते 16 सितम्बर को शिक्षक देवेंद्र प्रताप यादव की हत्या और लूट में शामिल 50 हजार रुपये का इनामी मुख्य आरोपी विकास सोनकर को मंगलवार रात हाफ एनकाउंटर में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। मौके से एक अन्य बदमाश फरार होने में सफल रहा।

पुलिस के अनुसार, उभांव इंस्पेक्टर संजय शुक्ला और भीमपुरा थानाध्यक्ष हितेश कुमार अपने क्षेत्र में तैनात थे। मुखबिर से सूचना मिली कि विकास सोनकर बरहज थाना क्षेत्र के मलेरा गांव के पास नहर पर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे घेर लिया। घिरा देख विकास ने पुलिस पर तमंचे से फायर किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विकास के दोनों पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए बलिया अस्पताल ले जाया गया।
जांच में विकास के पास से एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और उसकी बाइक बरामद हुई। इलाज के बाद अभियुक्त को विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।
हाफ एनकाउंटर में शामिल पुलिस टीम में एसओजी टीम, इंस्पेक्टर उभांव संजय शुक्ला और भीमपुरा थानाध्यक्ष हितेश कुमार शामिल रहे।
ज्ञात हो कि शिक्षक हत्याकांड में पहले भी उभांव और आजमगढ़ पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। 18 सितम्बर को शिवम यादव को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था, वहीं 20 सितम्बर को नीतीश सिंह को हाफ एनकाउंटर में पकड़ा गया था। इसके अलावा, आभूषण व्यवस्था में शामिल सोनू वर्मा और आकाश सोनकर को भी पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।
