माल्दह बाजार से लौट रही महिला को बाइक सवार ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत — परिवार में मचा कोहराम

बिल्थरारोड/उभांव थाना क्षेत्र के कटहरी बारी (हल्दीरामपुर) गांव की रहने वाली चाँद मुनि देवी (55 वर्ष) पत्नी राधा राजभर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार बीते 14 अक्टूबर (मंगलवार) को वे घरेलू जरूरतों के सामान की खरीदारी के लिए माल्दह बाजार गई थीं। शाम को लौटते वक्त जब वे हल्दीरामपुर चट्टी पर ऑटो से उतरीं और अपने घर की ओर पैदल जा रही थीं, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चाँद मुनि देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों और मोटरसाइकिल चालक ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। कई दिनों तक इलाज चलने के बाद भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और शनिवार की देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हादसे की पूरी जानकारी देते हुए पुलिस को लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस संबंध में इंस्पेक्टर संजय शुक्ला ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि चाँद मुनि देवी मिलनसार और शांत स्वभाव की महिला थीं। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *