सिकन्दरपुर पुलिस की बड़ी सफलता — मुठभेड़ में शातिर बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली


बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिकन्दरपुर थाना पुलिस ने गुरुवार तड़के एक शातिर चोर को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बलिया भेजा गया।

जानकारी के मुताबिक, 16 अक्टूबर 2025 की भोर में करीब 4:37 बजे थाना सिकन्दरपुर पुलिस टीम खरीद से नदी की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर वह मोटरसाइकिल सहित फिसलकर गिर पड़ा और पुलिस टीम पर जानलेवा फायर कर दिया।

पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। घायल की पहचान समीम कुरैशी उर्फ सोनू (23 वर्ष) पुत्र सादिक कुरैशी निवासी भरतपुर (हनुमानगंज), थाना सुखपुरा, जनपद बलिया के रूप में हुई। पूछताछ में उसने करमौता HP गैस एजेंसी से अगस्त और अक्टूबर माह में कुल 24 गैस सिलेंडर चोरी करने की बात कबूल की।

पुलिस ने मौके से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने सिकन्दरपुर थाना पुलिस टीम की तत्परता, साहस और पेशेवर कार्रवाई की सराहना की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *