नन्ही इंस्पेक्टर अंशिका ने संभाली उभांव थाने की कमान, मिशन शक्ति अभियान के तहत मिला अनूठा अनुभव !
बिल्थरारोड बलिया। मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार को उभांव थाने का नजारा बेहद खास रहा। आरबी चिल्ड्रेन स्कूल की कक्षा 12वीं की छात्रा अंशिका तिवारी ने एक दिन के लिए एक्टिंग इंस्पेक्टर बनकर थाने की कमान संभाली।
सुबह जब अंशिका तिवारी सायरन बजाती पुलिस की गाड़ी से थाना परिसर पहुंचीं, तो प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने महिला उपनिरीक्षक किरण यादव के साथ बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और मातहत पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
नन्ही इंस्पेक्टर ने पुलिसिंग के कामकाज को गंभीरता से समझते हुए चौबीसों घंटे की संवेदनशील ड्यूटी का अनुभव लिया। इस दौरान अंशिका ने कहा कि—
“पुलिस की जिम्मेदारियां बेहद कठिन होती हैं, लेकिन यह समाज के लिए सबसे जरूरी और सम्मानजनक भी है।”
थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद सिंह ने मौके पर मौजूद छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर एसआई सुमित कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।





इस पहल ने जहां छात्राओं में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाई, वहीं समाज को यह सशक्त संदेश भी दिया कि बेटियां अब हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं।
