पोखरे में डूबने से मजदूर की मौत, गाँव में छाया मातम !

बिल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह गाँव में सोमवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। गाँव के ही विश्राम खरवार (40 वर्ष) पुत्र स्व. कंचन की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों के अनुसार विश्राम अक्सर उसी पोखरे में नहाने जाया करता था। सोमवार को भी लोगों ने सोचा कि वह नहा रहा है, लेकिन काफी देर बाद वहीं खेल रहे गाँव के बच्चों ने देखा कि उसका शव पोखरे में उतराया हुआ है। तुरंत इसकी सूचना उभांव पुलिस को दी गई।
मृतक मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था और अविवाहित था। वह छह भाइयों में चौथे नंबर पर था, जिनमें से दो भाई पहले ही गुजर चुके हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पर इस हादसे ने गहरा आघात पहुँचाया है।
गाँव में अचानक हुई इस घटना से शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन गहरे सदमे में हैं और रो-रोकर बेहाल हैं।

