बलिया में पंचायत सहायक यूनियन की जिला कार्यकारिणी का गठन !


पंचायत सहायकों के हक और अधिकारों की लड़ाई को लेकर संगठन हुआ मजबूत
बलिया, 2 सितम्बर।
जिले के पंचायत सहायकों को संगठित रूप देने और उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत बहेरी स्थित पंचायत भवन (चित्तू पांडे चौराहा, बलिया) पर मंगलवार को पंचायत सहायक यूनियन बलिया की जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया।
इस मौके पर जिले के 17 ब्लॉकों से आए ब्लॉक अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पदाधिकारी एवं सैकड़ों पंचायत सहायक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त राज्य कर्मचारी परिषद बलिया के जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने की।
पंचायत सहायकों की समस्याओं पर हुआ जोर
अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने जिला कार्यकारिणी के गठन की घोषणा करते हुए पंचायत सहायकों से संगठन के साथ मजबूती से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत सहायकों से अपेक्षा से अधिक कार्य लिया जा रहा है, जबकि मात्र ₹6000 प्रतिमाह मानदेय पर परिवार का भरण-पोषण कठिन है। उन्होंने पंचायत सहायकों की सुरक्षा, सेवा नियमावली एवं मानदेय वृद्धि के लिए निरंतर संघर्ष का आश्वासन दिया।
परिषद के मंत्री विनोद मिश्रा ने कहा कि पंचायत सहायकों के संगठन को हर स्तर पर सहयोग दिया जाएगा। वहीं एडिओ पंचायत संगठन के प्रांतीय महामंत्री संजय सिंह ने पंचायत सहायकों को ग्राम पंचायत की रीढ़ बताते हुए कहा कि उनके माध्यम से ही सरकार की योजनाएँ तेजी से गांव-गांव तक पहुँच रही हैं। उन्होंने मानदेय को उनकी भूमिका के अनुरूप शीघ्र बढ़ाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
नवनिर्वाचित जिला कार्यकारिणी
- चंदन गिरी – जिलाध्यक्ष
- कंचन यादव – वरिष्ठ उपाध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ)
- पिंटू राम – उपाध्यक्ष
- राजन साहू – जिला महामंत्री
- रुपेश सिंह – कोषाध्यक्ष
- अभिनय मिश्रा – संगठन मंत्री
- बृजेश यादव – मीडिया प्रभारी
- भारतेंदु निषाद – जिला सचिव
- मजहर अली – जिला उपसचिव
पंचायत सहायकों ने रखा अपना पक्ष
बैठक का संचालन परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल यादव ने किया। इस अवसर पर परिषद के मंडल अध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, नगरा ब्लॉक अध्यक्ष पन्ना लाल यादव, नवानगर ब्लॉक अध्यक्ष टनमन, सोहाव ब्लॉक अध्यक्ष मनीष, सीयर ब्लॉक उपाध्यक्ष आदर्श यादव सहित जिले भर के पंचायत सहायकों ने बड़ी संख्या में उपस्थिति दर्ज की।
सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि पंचायत सहायकों का मानदेय बढ़ाया जाए और सेवा नियमावली लागू की जाए। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि पंचायत सहायकों के हक और अधिकारों की लड़ाई निरंतर जारी रहेगी।
