चोरी-छिपे हुआ सरदार पटेल प्रतिमा का अनावरण, प्रशासन ने पुनः ढकवाया

प्रशासन द्वारा दुबारा ढंकवाई गई मूर्ति



बिल्थरारोड। क्षेत्र की ग्राम सभा खण्दवा में चारागाह की विवादित जमीन पर लगभग चार माह पूर्व लगाई गई लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण रोक के बावजूद भी कुछ लोगों द्वारा चोरी-छिपे कर दिया गया। इसकी सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी देवेन्द्र पाण्डेय और सीओ रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता, हल्का लेखपाल व उभांव पुलिस मौके पर पहुंची और विरोध की स्थिति को देखते हुए आनन-फानन में प्रतिमा को पुनः प्लास्टिक से ढकवा दिया।

गौरतलब है कि बीते 16 अप्रैल को प्रतिमा का अनावरण एक भव्य कार्यक्रम के साथ होना था। लेकिन गांव निवासी महिला कंचन देवी ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर प्रतिमा स्थापना पर रोक लगाने की मांग की थी। उनका आरोप था कि जिस भूमि पर प्रतिमा लगाई जा रही है वह आराजी नंबर 1200, रकबा 0.914 हेक्टेयर है, जो पशु चरागाह के रूप में दर्ज है। उनका कहना था कि प्रधान प्रतिनिधि ग्राम स्थापना के बहाने जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं।

महिला की आपत्ति को गंभीरता से लेते हुए तत्कालीन उपजिलाधिकारी अखिलेश यादव ने विवादित भूमि पर मूर्ति लगने से गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी। इसके चलते प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था।

इसी बीच बीते दिनों कुछ लोगों ने चोरी-छिपे प्रतिमा का अनावरण कर दिया और इसकी सूचना सोशल मीडिया पर फैल गई। इसके बाद महिला ने उभांव थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

प्रशासन ने पुनः प्रतिमा को ढकवा दिया है। वहीं, समिति की ओर से सोशल मीडिया पर संदेश प्रसारित किया गया है कि 27 अगस्त को अनुमति के बाद प्रतिमा का अनावरण किया गया। जबकि एसडीएम ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि प्रतिमा को हवा से प्लास्टिक हट जाने पर ही पुनः ढकवाया गया है। दोनों पक्षों की बातों में विरोधाभास बना हुआ है।


आरोप के समय का फोटो वीडियो वायरल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *