नहाते समय करंट लगने से ई-रिक्शा चालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम



बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के पतनारी गांव में बुधवार को नहाने के दौरान एक ई-रिक्शा चालक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह पानी की मोटर चालू कर रहे थे।

मृतक की पहचान गांव के निवासी सुशील कुमार (55 वर्ष) पुत्र राम प्रसाद  के रूप में हुई है। रोज की तरह बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह स्नान करने जा रहे थे। इसी दौरान जैसे ही उन्होंने मोटर ऑन किया, करेंट की चपेट में आ गए। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

सुशील कुमार ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार की रोजी-रोटी चलाते थे। उनके निधन से परिवार में कोहराम मचा है। पीछे पत्नी के साथ दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनका अब सहारा छिन गया।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *