फर्जी फोटो और वीडियो वायरल करने का मामला: उभांव थाने ने बताया भ्रामक, जांच जारी


उभांव (बलिया)। सोशल मीडिया पर एक फोटो और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि उभांव थाना क्षेत्र में स्थित थाना परिसर के पास रात्रि में तीन युवक केक काट रहे थे, इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और युवकों को डरा-धमकाकर मारपीट करने लगी।
वायरल पोस्ट के मुताबिक, यह घटना थाना परिसर के पास की बताई जा रही है। हालांकि, उभांव थाने के प्रभारी निरीक्षक ने इस पूरे मामले को फर्जी और भ्रामक बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल फोटो और वीडियो का थाना परिसर से कोई लेना-देना नहीं है, और यह सिर्फ अफवाह फैलाने की साजिश है।
थाना प्रभारी ने कहा कि इस तरह की झूठी व भ्रामक पोस्ट सोशल मीडिया पर करना कानूनन एक गंभीर अपराध है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उस व्यक्ति की पहचान में जुट गई है जिसने यह फर्जी सूचना फैलाई। दोषी की पहचान होने पर उसके खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि बिना सत्यापन किसी भी तरह की जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा न करें और अफवाहों से बचें।
