बलिया: दिनदहाड़े लूट की वारदात, देवर-साली से बदमाशों ने छीना मंगलसूत्र, नगदी और मोबाइल !


बलिया जनपद के उभांव थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े लूट की दुस्साहसिक वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। जमुआंव गांव के पास मिशन नहर पुल के पास बाइक सवार देवर-साली को बदमाशों ने घेर लिया और उनसे कीमती सामान लूट लिया।
तेलमा जमालुद्दीनपुर गांव के रहने वाले अमित यादव उर्फ भोला यादव अपनी साली रूसमिला देवी को ताड़ीबड़ागांव छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही दोनों सद्दोपुर के पास पहुंचे, तभी पल्सर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। बदमाशों ने पहले बाइक की चाबी छीनकर फेंकी और फिर तेज़ी से मंगलसूत्र, नगदी, मोबाइल समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही उभांव थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। हालांकि अभी तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
इस दुस्साहसिक घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग दिनदहाड़े हुई इस वारदात से चिंतित हैं।
