जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बेल्थरारोड में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों की उमड़ी भीड़


बिल्थरारोड। तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान कुल 135 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम ने संपूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों का निर्धारित समय अवधि में सम्बंधित को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का निर्देश दिया। कहा कि लापरवाही क्षम्य नही होगा।मोहम्मदपुर की प्रधान आरती देवी ने चक रोड निर्माण में अवरोध उत्पन्न किए जाने की शिकायत की। सोनाडीह के अतुल प्रकाश ने राशन कार्ड बनवाने में धन उगाही का आरोप लगाया। गौरा के रामफल ने मुकदमे के लिए पत्रावलियां उपलब्ध कराने की मांग की। तुर्तीपार के शिवबचन ने सिकंदरपुर-नवलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में अधिग्रहित भूमि का मुआवजा देने की मांग की। नगर पंचायत के भजुरामा, उमाशंकर आदि ने गुमटी किराया बढ़ोतरी स्थगित करने का अनुरोध किया। ठकुरहीं के साहब ने भूमि की पैमाइश कराने की मांग की। इंदौली के जुगनू ने विद्युत बिल में संशोधन की मांग उठाई। असरेपुर के सत्यदीप ने भूमि की गलत नापी करने का आरोप लगाया। डीएम ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा निर्धारित समय अवधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर एसपी ओमवीर सिंह, एडीएम अनिल कुमार, सीएमओ डॉ संजीव कुमार वर्मन व जिलास्तरीय व तहसील स्तरीयअधिकारी मौजूद रहे।
