एक ही दिन में दो-दो घटनाएं: 60 वर्षीय महिला से दिनदहाड़े लॉकेट छीना, आरोपी फरार
बेल्थरा रोड (बलिया)। नगर पंचायत बेल्थरा रोड में शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बस स्टेशन स्थित शिव मंदिर के पास एक 60 वर्षीय वृद्धा माधुरी गुप्ता पत्नी स्व. हरिलाल गुप्ता के गले से सोने का लॉकेट छीनकर दो अज्ञात युवक मौके से फरार हो गए। घटना को अंजाम देकर आरोपी पैदल ही निकल भागे।
पीड़िता मूल रूप से मरदह, गाजीपुर की निवासी हैं, जो अपने रिश्तेदार लालू मद्धेशिया के यहाँ वार्ड नंबर 3, बैंक ऑफ़ बड़ौदा गली में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। महिला जैसे ही मंदिर के समीप पहुंची, पहले से घात लगाए युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से लॉकेट छीन लिया।
घटना के बाद महिला का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। राहगीरों की भीड़ जुटी लेकिन तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे। पीड़िता ने तत्काल इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस चौकी सीयर, थाना उभांव को दे दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
एक ही दिन में इलाके में इस तरह की दो घटनाओं से लोगों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।

