जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं! जिलाधिकारी बलिया

बिल्थरारोड /तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी रवींद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित कुल 145 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को संदर्भित कर दिया। इनमें राजस्व, विकास, विद्युत, नगर पंचायत व अन्य विभागों से संबंधित मामले शामिल हैं। डीएम ने संपूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों का निर्धारित समय अवधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया। शाहपुर निवासी योगेंद्र ने जल निकासी के लिए मार्ग में पाइप डालने की मांग की। पड़सरा निवासी मेनका ने आवास निर्माण में प्रधान द्वारा व्यवधान उत्पन्न करने का आरोप लगाया। हल्दीरामपुर के राकेश पुरी ने भू- माफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे को रोकने की मांग की। गौरी ताल घोसा की केसरी देवी ने परिवार न्यायालय द्वारा पारित आदेश का अनुपालन नहीं किए जाने की शिकायत की। शाहपुर टिटिहा की सोनमती ने चकबंदी विभाग द्वारा पत्थर गाड़े जाने के बावजूद विपक्षी द्वारा खेत को जोतने बोने में बाधा उत्पन्न करने की शिकायत की। तारनपुर के छबीला ने पैमाइश के बावजूद पट्टे की भूमि पर अवैध कब्जा रोकने की मांग की। वीरभानपुर के बशीर ने फर्जी वरासत के जरिए भूमि विक्रय का आरोप लगाया। डीएम ने लोगों की समस्याएं सुनी तथा मातहतों को त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कार्य में शिथिलता पर कई अधिकारियों को डांट पिलाई। डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। साथ ही जन समस्याओं के निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया। इस मौके पर एएसपी दुर्गा प्रसाद तिवारी, एसडीएम एआर फारूकी समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *