ट्रेन से कटकर किशोरी की मौत,
स्कूल यूनिफॉर्म में छात्रा का क्षत विक्षत शव बरामद

बिल्थरारोड । वाराणसी- भटनी रेल मार्ग पर उभांव थाना के तुर्तीपार गांव के पास रेलवे ट्रैक पर गुरुवार की सुबह लगभग 9 बजे तेज रफ्तार ट्रेन से कटकर करीब 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। उभांव थाना पुलिस ने रेलवे ट्रैक से किशोरी का क्षत विक्षत शव बरामद किया है। जिसकी दोपहर बाद पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शिनाख्त कर ली। किशोरी स्कूल ड्रेस में थी। जिसकी पहचान आराधना कुमारी ग्राम जमुआंव खामपुर निवासी के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि किशोरी आराधना अपनी बहन संजना के साथ बेल्थरारोड एक कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ती थी। वह 12वीं की छात्रा थी। घटना के समय दोनों बहन स्कूल गई थी। संजना स्कूल गेट के अंदर चली गई, जबकि आराधना स्कूल गेट से ही बाहर लौट गई। इसकी जानकारी संजना को स्कूल की छुट्टी होने के बाद हुई। जब उसकी बहन छुट्टी होने पर नहीं मिली तो घर जाकर परिजनों को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद परिजन खोजबीन में लग गए। इस बीच पुलिस से घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक बैग बरामद किया था। जिसमें कुछ दवा भी मिली थी। इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *