बलिया: शादी समारोह में शामिल होने आए पांच युवक तालाब में डूबे, दो की दर्दनाक मौत, तीन को ग्रामीणों ने बचाया

उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के नगरा थाना क्षेत्र के बिसरूप गांव में शादी समारोह के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। समारोह में शामिल होने आए पांच युवक गांव के तालाब में नाव पर सवार होकर सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान अचानक नाव असंतुलित होकर पलट गई और पांचों युवक गहरे पानी में डूबने लगे।
युवकों को डूबता देख ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो युवक गहरे पानी में चले गए। काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान बिहार के बक्सर जिले के विक्रमगंज निवासी शनि (19 वर्ष) तथा बलिया जनपद के हल्दी थाना क्षेत्र के सीताकुंड निवासी किशन तिवारी (18 वर्ष) के रूप में हुई है।
एक शादी समारोह में शामिल होने आए युवकों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे से गांव में मातम पसरा हुआ है। दो परिवारों के चिराग बुझने से क्षेत्र में शोक की लहर है।
🙏 ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।
