कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर एडिशनल एसपी ने किया सरयू नदी के विभिन्न स्नान घाटों का निरीक्षण किया

बिल्थरारोड, बलिया। आगामी कार्तिक पूर्णिमा मेले एवं पवित्र स्नान पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एडिशनल एसपी दिनेश कुमार शुक्ला ने शनिवार को उभांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरयू नदी के विभिन्न प्रमुख स्नान घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।एडिशनल एसपी दिनेश कुमार शुक्ला ने उभांव इंस्पेक्टर अनिल कुमार उपाध्याय के साथ तुर्तीपार, बेल्थरा बाजार तथा हल्दीरामपुर स्थित सरयू नदी के स्नान घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की भौगोलिक स्थिति, श्रद्धालुओं के आवागमन और पर्व के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि स्नान पर्व के दौरान घाटों पर लगातार निगरानी रखी जाए और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। विशेष रूप से संवेदनशील स्थानों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। अधिकारियों के इस निरीक्षण को पर्व के दौरान बेहतर सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
