मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन सक्रिय, बेल्थरा रोड के सभी 446 बूथों पर प्रकाशित हुई आलेख मतदाता सूची

16 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां दर्ज कराने का मौका, 4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन : एसडीएम शरद चौधरी

बिल्थरारोड, 17 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में विधानसभा बेल्थरा रोड में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत मंगलवार को आलेख मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सूची प्रकाशित की गई। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र के सभी 446 मतदान केंद्रों पर भी आलेख मतदाता सूची आमजन के अवलोकन के लिए उपलब्ध करा दी गई।

इस संबंध में उपजिलाधिकारी बेल्थरा रोड शरद चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं अधिक से अधिक समावेशी बनाने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्रकाशित आलेख मतदाता सूची के संबंध में 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि में मतदाता अपने नाम, पते एवं अन्य विवरणों की जांच कर सकते हैं। सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने अथवा पात्र व्यक्ति का नाम छूटने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है।

एसडीएम ने बताया कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण करने के बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

उन्होंने आमजन एवं सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मतदान केंद्र पर प्रकाशित मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें और आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने महत्वपूर्ण मताधिकार से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *