बिल्थरा रोड के वार्ड नंबर 06 में आवारा कुत्ते का आतंक, छह माह में 10-15 लोगों को काटने का दावा !
बिल्थरा रोड (बलिया) बिल्थरा रोड के वार्ड नंबर छह में आवारा कुत्तों का आतंक स्थानीय लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले छह माह में कुत्ते के काटने की करीब 10 से 15 घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं से वार्ड के लोगों में भय का माहौल है।
ताजा घटना सोमवार शाम की है, जब शास्त्री नगर निवासी ड्राफ्टमैन राजेश गुप्ता की 70 वर्षीय माता उर्मिला गुप्ता पर कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनके शरीर से खून बहने लगा। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड में आवारा कुत्तों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कुत्तों के हमले की आशंका के कारण बुजुर्गों, बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है।

