डिजिटल सुविधाओं से सुसज्जित हुआ बेल्थरारोड ग्राम न्यायालय, जिला न्यायाधीश के प्रति जताया आभार!

e-Courts India की सुविधाओं से वादकारियों और अधिवक्ताओं को मिलेगी सहूलियत, ऑनलाइन मिलेगी मुकदमों से जुड़ी जानकारी
बिल्थरारोड (बलिया)। तहसील बिल्थरारोड स्थित ग्राम न्यायालय को e-Courts India Services की आधुनिक डिजिटल सुविधाओं से सुसज्जित किए जाने पर अधिवक्ताओं में हर्ष का माहौल है। इस सराहनीय पहल के लिए तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन, बेल्थरारोड एवं अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद्, काशी क्षेत्र, बलिया की ओर से माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बलिया के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया है।
इस संबंध में 17 अक्टूबर 2026 को अधिवक्ता देवेन्द्र कुमार गुप्त ने जिला न्यायाधीश को आभार पत्र प्रेषित किया। पत्र में ग्राम न्यायालय, बेल्थरारोड के न्यायाधिकारी की प्रेरणा एवं जिला न्यायाधीश के कुशल मार्गदर्शन की सराहना की गई।
डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से अब वादकारियों और अधिवक्ताओं को मुकदमों की ऑनलाइन स्थिति (केस स्टेटस), कॉज लिस्ट, आदेशों की प्रतिलिपि, ई-फाइलिंग और ई-पेमेंट जैसी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इससे घर बैठे मुकदमों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में सहूलियत होगी। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले वादकारियों को बार-बार न्यायालय आने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
आभार पत्र में कहा गया कि यह पहल डिजिटल इंडिया और ‘न्याय सबके द्वार’ की अवधारणा को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और आम जनमानस को न्यायालयीन सेवाओं तक पहुंच बनाने में सुविधा मिलेगी।
अधिवक्ता देवेन्द्र कुमार गुप्त ने विश्वास व्यक्त किया कि जिला न्यायाधीश के नेतृत्व में जनपद बलिया न्यायिक क्षेत्र में निरंतर प्रगति करेगा और आम नागरिकों को बेहतर न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
