पशुहारी में तीन मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, गांव पहुंची सीएमओ की टीम

बिल्थरारोड, बलिया। पशुहारी गांव की राजभर बस्ती में चार दिन के भीतर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। परिवार के मुखिया शिवचंद राजभर का गोरखपुर एम्स में इलाज चल रहा है।
वृहस्पतिवार को सीएमओ बलिया डॉ. अभय नारायण राय संचारी रोग विशेषज्ञ अभिषेक मिश्रा, सीएचसी अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार सिंह समेत स्वास्थ्य टीम के साथ गांव पहुंचे। टीम ने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली और ग्रामीणों को जरूरी सावधानियों के निर्देश दिए।
राजभर बस्ती के करीब 160 घरों में स्वास्थ्य सर्वे कराया गया। चार टीमों ने घर-घर पहुंचकर बुखार, खांसी, पैरों में सूजन समेत डेंगू, मलेरिया, टायफाइड और एनीमिया की जांच की। इस दौरान परिवार द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे खाद्य तेल का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों से खान-पान और विशेष रूप से इस्तेमाल किए जाने वाले तेल के संबंध में भी जानकारी जुटाई। फिलहाल मौतों के वास्तविक कारण को लेकर जांच जारी है।
