गहनी हत्याकांड: भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह के भांजे का मिला रक्तरंजित शव, पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजन

मऊ। हलधरपुर थाना क्षेत्र के गहनी गांव में खेत के पास झाड़ियों में 28 वर्षीय बलवंत सिंह पुत्र घुरा सिंह का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक भाजपा बेल्थरा रोड देहात मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह के भांजे बताए जा रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, बलवंत सिंह सोमवार रात रोज की तरह अपने खेत स्थित ट्यूबवेल पर सोने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने खेत से कुछ दूरी पर झाड़ियों में उनका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही हलधरपुर थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी, फॉरेंसिक टीम और सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए तथा एक डंडा भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल शव मऊ पोस्टमार्टम हाउस में है, जहां भाजपा बेल्थरा रोड देहात मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह भी मौजूद हैं। अभी पोस्टमार्टम की प्रक्रिया नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *