पुणे में हादसे का शिकार हुए बेल्थरा रोड के युवक का शव गांव पहुंचा, मातम में डूबा पिपरौली बड़ागांव

बलिया जनपद के बेल्थरा रोड तहसील अंतर्गत उभाँव थाना क्षेत्र के पिपरौली बड़ागांव निवासी राहुल (30) पुत्र अच्छेलाल प्रसाद की महाराष्ट्र के पुणे में एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे में मौत हो गई। मंगलवार सुबह जब उनका शव एंबुलेंस से पैतृक गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार और ग्रामीणों की नम आंखों ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया।
बताया जा रहा है कि राहुल पुणे के शिक्रापुर स्थित एक प्राइवेट कंपनी में मैकेनिकल फिटर (क्रेन ऑपरेटर) के रूप में कार्यरत थे। रविवार दिन में ड्यूटी के दौरान वह क्रेन पर चढ़े थे, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़े। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
राहुल अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी तीन बहनों की शादी हो चुकी है। राहुल भी विवाहित थे और उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार वह करीब एक माह पहले ही मुंबई होते हुए काम पर गए थे।
साथ में काम करने वाले लोगों की मदद से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव को एंबुलेंस से उनके पैतृक गांव लाया गया। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में शोक की लहर है और हर किसी की आंखें नम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *