बलिया में अवैध होटल-लॉज पर प्रशासन का शिकंजा, महावीर लॉज सील, कई संचालकों में मचा हड़कंप!

बलिया। दिल्ली अग्निकांड के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त हुए जिला प्रशासन ने रविवार को शहर में अवैध रूप से संचालित होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन, मालगोदाम रोड, वैशाली रोड तथा धर्मशाला रोड क्षेत्र में सघन जांच और छापेमारी की।
जांच के दौरान विक्रम गैस एजेंसी वाली गली में संचालित महावीर लॉज आवश्यक मानकों और वैध दस्तावेजों के अभाव में अवैध पाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
वहीं, जांच के दायरे में आए चार अन्य गेस्ट हाउस संचालकों को अभिलेख और सुरक्षा मानक दुरुस्त करने के लिए 10 दिनों का समय दिया गया है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार शहर में संचालित 49 होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों में से केवल 19 ही सराय एक्ट के तहत पंजीकृत हैं, जबकि शेष प्रतिष्ठान नियमों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे हैं।
अभियान की सूचना मिलते ही कई होटल संचालकों में हड़कंप मच गया और कुछ ने अपने प्रतिष्ठानों पर ताला लगाकर बंद कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *