सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, 161 शिकायतों में 8 का मौके पर निस्तारण
जीवित व्यक्ति को मृत दिखाने पर लेखपाल को लगाई फटकार, दो दिन में भूमि पर कब्जा दिलाने का निर्देश




बेल्थरारोड (बलिया)। तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान एक महिला ने तीन माह से वृद्धावस्था पेंशन न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल जांच कर पेंशन बहाल कराने के निर्देश दिए।
वहीं, हल्दीरामपुर की एक महिला ने शिकायत की कि उसके नाम दर्ज भूमि पर उसे कब्जा नहीं करने दिया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल को मौके पर जांच कर दो दिनों के भीतर महिला को भूमि पर कब्जा दिलाने का निर्देश दिया।
एक अन्य गंभीर मामले में शिकायतकर्ता ने बताया कि खतौनी में जीवित व्यक्ति चंद्रशेखर को मृत दर्शाकर उसके स्थान पर अरविंद का नाम दर्ज कर दिया गया है, जबकि अरविंद की भी मृत्यु हो चुकी है। इस त्रुटि पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल अभिलेखों में सुधार कर चंद्रशेखर का नाम दर्ज करने का आदेश दिया। साथ ही निर्देशों की अवहेलना होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, कब्जा, पेंशन समेत विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 161 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 8 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर तहसील परिसर में कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य एवं उप जिलाधिकारी कक्ष का जिलाधिकारी ने फीता काटकर लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में एसडीएम बेल्थरारोड शरद चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
