होमगार्ड का पेपर देकर लौट रहे युवक की बाइक भिड़ी, आमने-सामने की टक्कर में दो गंभीर घायल!

बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के अखोप चट्टी के समीप रविवार अपराह्न करीब साढ़े 4 बजे दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक युवक होमगार्ड का पेपर देकर लौट रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अखोप गांव निवासी इब्राहिम (18 वर्ष) पुत्र जाहिद बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़ से होमगार्ड की परीक्षा देकर लौट रहे हरिश्चंद राजभर (26 वर्ष) पुत्र स्व. रामनाथ राजभर, निवासी तिरनई खुर्द की बाइक अचानक सामने आ गई और दोनों के बीच तेज टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी सीयर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर कुशाग्र सिंह ने प्राथमिक उपचार किया। इब्राहिम की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पीआरबी 112 पर तैनात आदर्श कुमार मद्धेशिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *